राष्ट्रीय

ये विधायक हो सकते है योगी के नये मंत्रिमंडल का हिस्सा, बेबी रानी मौर्य का नाम भी चर्चाओं में शामिल

यूपी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गठित होने वाली भाजपा की नई सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्यों पर दिल्ली में मोहर लगेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेता शुक्रवार को दिल्ली जा सकते है। विधानसभा चुनाव के नतीजों में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं और आरएसएस के बीच यूपी में भाजपा की नई सरकार के गठन को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। इधर, भाजपा के नेताओं को दिल्ली के इशारे का इंतजार है। दिल्ली से इशारा मिलते ही शुक्रवार को मुख्यमंत्री सहित कोर कमेटी के सभी सदस्य दिल्ली जा सकते है।  पार्टी सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल के नए सदस्यों के नामों पर भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से ही मोहर लगेगी। योगी सरकार-02 में उप मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे या नहीं इसका निर्णय भी दिल्ली में ही होगा।

स्वतंत्र देव, असीम, बेबीरानी, राजेश्वर बन सकते हैं मंत्री
योगी सरकार के नए मंत्रिमंडल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, आगरा ग्रामीण से नवनिर्वाचित विधायक और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को उप मुख्यमंत्री पद जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।

कन्नौज से नवनिर्वाचित सांसद और पूर्व एडीजी असीम अरुण, आगरा ग्रामीण से नवनिर्वाचित विधायक और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व संयुक्त निदेशक और सरोजनी नगर से नवनिर्वाचित विधायक राजेश्वर सिंह को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

निषाद पार्टी और अपना दल को मिलेगी मंत्रिमंडल में जगह
योगी सरकार के मंत्रिमंडल में निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के साथ अपना दल के विधायकों को भी जगह मिलेगी। दोनों सहयोगी दलों से एक से दो मंत्री बनाए जा सकते है।

पीएम मोदी और शाह भी आएंगे शपथ ग्रहण में
भाजपा के पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रिमंडल के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

Aanand Dubey / Sanjay Dhiman

superbharatnews@gmail.com, Mobile No. +91 7895558600, 7505953573

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *