मनोरंजन

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने लॉन्च किया अपना वीएफएक्स स्टूडियो

शिल्पा शेट्टी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म बाजीगर से की थी। पहली ही फिल्म में उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। आजकल भले वह फिल्मों में अधिक सक्रिय नहीं हैं, लेकिन रियलिटी शोज में उनकी उपस्थिति देखी जाती है। अब वह एक नई भूमिका में नजर आएंगी। दरअसल, शिल्पा ने अपना खुद का वीएफएक्स स्टूडियो लॉन्च किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वह इस भूमिका में खुद को कैसे ढालती हैं।

शिल्पा ने ट्विटर पर वीएफएक्स स्टूडियो की लॉन्चिंग की जानकारी दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में वीएफएक्स स्टूडियो का वीडियो शेयर किया है। साथ ही उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,  वीएफएक्स की दुनिया में अपने नवीनतम वेंचर की घोषणा करते हुए गर्व महसूस हो रहा है। अब स्क्रीन पर अधिक मैजिक दिखाने का समय आ गया है। अभिनेत्री ने स्टूडियो का नाम एसवीएस स्टूडियो रखा है। उन्होंने अपने स्टूडियो की वेबसाइट का लिंक भी शेयर किया है।

शिल्पा ने वीएफएक्स इंडस्ट्री के दिग्गज संदीप माने के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है। अभिनेत्री शिल्पा इस स्टूडियो की फाउंडर हैं, जबकि संदीप को मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका दी गई है। संदीप को इस क्षेत्र में काम करने का करीब 15 सालों का अनुभव है। उन्होंने बाहुबली 2, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत, सिम्बा, दंगल, हाउसफुल 3 और गोलमाल अगेन जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के प्रोजेक्ट पर काम किया है।
शिल्पा का यह स्टूडियो मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में स्थित है। इसमें बॉलीवुड और हॉलीवुड के प्रोजेक्ट पर काम होगा। शिल्पा ने कहा, मैं वीएफएक्स इंडस्ट्री में प्रवेश करने को लेकर उत्साहित हूं। फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा होने के नाते मैं बखूबी वीएफएक्स के महत्व को समझती हूं। यह किसी फिल्म को बना सकती है या फिर उसे बिगाड़ सकती है। हमारा ध्यान भारत और दुनियाभर में प्रोडक्शन हाउस को विश्व स्तरीय गुणवत्ता वाले वीएफएक्स प्रदान करने पर है।

शिल्पा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह सब्बीर खान की फिल्म निकम्मा में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दसानी नजर आएंगे। उन्होंने हाल में अपनी फिल्म सुखी का ऐलान किया है। इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। शिल्पा ने करीब 14 साल बाद पिछले साल हंगामा 2 के साथ बॉलीवुड में वापसी की थी। ये अलग बात है कि उनकी वापसी फीकी रही।
पिछले साल शिल्पा की जिंदगी में उस समय उथल-पुथल मच गई थी, जब पोर्नोग्राफी मामले में उनके पति राज कुंद्रा सलाखों के पीछे चले गए थे। यहां तक कि उन्होंने अपना कामकाज भी छोड़ दिया था। अब मामले में राज को जमानत मिल चुकी है।

Aanand Dubey / Sanjay Dhiman

superbharatnews@gmail.com, Mobile No. +91 7895558600, 7505953573

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *