सुल्तानपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सुल्तानपुर में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया, हाथों में बैनर और तिरंगा लेकर आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में आप पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में किए गए इस प्रदर्शन में कई लोग इकट्ठा हुए। सभी ने केंद्र सरकार को जमकर खरी- खोटी भी सुनाई। कार्यकर्ताओं द्वारा बताया गया कि केंद्र सरकार के दायरे में आटा, चावल, दूध, दही, छाछ, दालें, गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल से लेकर फल- सब्जियां सभी महंगी हो गई है।
केंद्र सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ा दी है, कि आम लोगों का तो रसोई का बजट ही बिगड़ गया है। रसोई में उपयोग होने वाली सभी वस्तुओं से लेकर खाद्य सामग्री सभी महंगी हो रखी है। ऐसे में एक आम आदमी कैसे अपने परिवार का भरण पोषण करेगा। प्रांत के अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता पर टैक्स लगाकर अपने दोस्तों के 10 लाख करोड़ रुपये बैंकों से माफ करवाए है, और गरीब जनता को इसकी भरपाई करनी पड़ रही है।
एक- एक करके सरकार द्वारा सभी चीजें महंगी कर दी गई है, महंगाई के इस दौर में आम लोगों का जीना ही हराम हो रखा है। आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए प्रदर्शन किया। शहर के लोगों ने भी आप पार्टी के कार्यकर्ताओं का समर्थन किया।