मनोरंजन

हॉलीवुड फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन से आलिया भट्ट का फर्स्ट लुक जारी

मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट काफी समय से अपनी हॉलीवुड डेब्यू को लेकर चर्चा में हैं। वह हॉलीवुड फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन में नजर आएंगी। इसमें उनके साथ हॉलीवुड अभिनेत्री गैल गैडोट और अभिनेता जैमी डोर्नन दिखाई देंगे। अब इस फिल्म से आलिया का फर्स्ट लुक जारी हो गया है। वह भरपूर एक्शन अवतार में नजर आई हैं। मेकर्स ने एक टीजर वीडियो के जरिए फिल्म के कलाकारों की झलक दिखाई है।

आलिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर हार्ट ऑफ स्टोन से अपना लुक शेयर किया है। साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, फिल्म हार्ट ऑफ स्टोन और कीया का फर्स्ट लुक जारी। 2023 में नेटफ्लिक्स पर आ रही है फिल्म। वीडियो में आलिया कहती हुई दिखीं, इसमें ये कैरेक्टर्स हैं, जिनसे आप जुड़ते हैं और महसूस करते हैं। वह इस फिल्म में कीया धवन का किरदार निभाती हुई नजर आएंगी।

टीजर वीडियो के अनुसार, अभिनेत्री गैल फिल्म में रचेल स्टोन की भूमिका में दर्शकों से मुखाबित होंगी। वह इसमें सीआईए एजेंट के रूप में दिखने वाली हैं। अभिनेता जैमी पार्कर का किरदार अदा करेंगे।

फिल्म के फर्स्ट लुक को सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिली है। आलिया की मां सोनी राजदान ने अपने कमेंट में लिखा, यह बहुत ही रोमांचक लग रहा है। अर्जुन कपूर ने लिखा, यह बहुत शानदार होने वाला है…गर्व की बात है। एक फैन ने लिखा, आलिया और गैल एक ही स्क्रीन पर। भगवान, क्या मैं यह सपना देख रहा हूं? एक अन्य यूजर ने लिखा था, बधाई…आलिया भट्ट…आप भारतीय सिनेमा की शान हैं।

खबरों की मानें तो आलिया ने प्रेग्नेंसी के दौरान इस फिल्म के लिए कई एक्शन सीन्स शूट किए थे। फिल्म के सेट से आलिया की कई तस्वीरें भी सामने आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन टॉम हार्पर कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स ने जनवरी में इस फिल्म के राइट्स हासिल किए थे। कहा जा रहा है कि आलिया अपनी इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं। अब देखना है कि कब मेकर्स फिल्म की रलीज डेट का ऐलान करते हैं।

गैल गैडोट एक इजराइली अभिनेत्री, मॉडल और निर्माता हैं। वह फास्ट एंड फ्यूरियस से लेकर जस्टिस लीग जैसी कई सफल फिल्मों का हिस्सा रही हैं, लेकिन वंडर वुमन बनकर वह दुनियाभर में मशहूर हो गईं। इस फिल्म से उन्होंने अपनी एक खास पहचान बनाई है।

कई भारतीय कलाकार हॉलीवुड का रुख कर चुके हैं। उर्वशी रौतेला भी नेटफ्लिक्स की फिल्म के साथ हॉलीवुड में अपना पदार्पण कर सकती हैं। तब्बू एक नहीं, बल्कि दो हॉलीवुड फिल्में नेमसेक और लाइफ ऑफ पाई में काम कर चुकी हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन ने फिल्म ब्राइड एंड प्रेज्युडिस और प्रियंका चोपड़ा ने टीवी सीरीज क्वांटिको से हॉलीवुड में कदम रखा था।

Aanand Dubey / Sanjay Dhiman

superbharatnews@gmail.com, Mobile No. +91 7895558600, 7505953573

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *