उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, अगले तीन दिनों में बारिश के साथ बर्फबारी के भी आसार
देहरादून। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड दुश्वारियां बढ़ा रही है। सुबह-शाम तापमान में गिरावट और सर्द हवाएं चलने से कंपकंपी छूट रही है। लंबे समय से शुष्क चल रहे मौसम में अगले कुछ दिन बदलाव आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अत्यधिक अंतर आने के कारण सेहत के प्रति सचेत रहने की भी सलाह दी गई है।
प्रदेश में बीते करीब डेढ़ माह से मौसम शुष्क है और वर्षा-बर्फबारी नहीं हो रही है। हालांकि, ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान तो सामान्य या इससे अधिक है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक सुबह-शाम ठंड का प्रकोप है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। अगले तीन दिन चमोली-पिथौरागढ़ समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और हिमपात हो सकता है।
धारचूला में चीन सीमा तक जाने वाला तवाघाट-लिपुलेख मार्ग मालपा के पास मलबा आने से विगत 40 घंटों से बंद है। मार्ग बंद होने से व्यास गए वाहन फंसे हुए हैं। तवाघाट-लिपुलेख मार्ग पर इस समय सुधारीकरण का कार्य चल रहा है। बीते दिनों सुधारीकरण कार्य के चलते मार्ग 15 दिनों तक बंद रखा गया था। इस अवधि में खतरनाक स्थलों को सुधारा गया था। यह स्थल गर्बाधार से लेकर बूंदी के बीच के थे।