मनोरंजन

जन्मदिन पर अभिषेक ने किया अपनी नई फिल्म घूमर का ऐलान

अभिषेक बच्चन को भले ही कभी सुपरस्टार का दर्जा ना मिला हो, लेकिन उन्होंने अपने करियर में कई शानदार भूमिकाएं निभाई हैं। अभिषेक आने वाले दिनों में कई बड़ी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 5 फरवरी को वह अपना 46वां जन्मदिन मनाये। इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को अपनी एक नई फिल्म को तोहफा दिया है। अभिषेक ने आज अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है।

अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर भगवान गणेश की तस्वीर के सामने रखे रखे क्लैपबोर्ड की तस्वीर साझा की है, जिस पर फिल्म का नाम घूमर लिखा हुआ है। बताया गया है कि इसका निर्देशन आर बाल्की कर रहे हैं। अभिषेक ने लिखा, इससे बेहतर जन्मदिन का तोहफा नहीं हो सकता। जन्मदिन पर काम कर सबसे अच्छा दिन बिताया जाता है। घूमर की शूटिंग शुरू हो गई है। अभिषेक के शुभचिंतक जन्मदिन और नई फिल्म के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

यह पहला मौका नहीं है, जब अभिषेक निर्देशन बाल्की के साथ काम कर रहे हों। इससे पहले भी दोनों साथ काम कर चुके हैं। अभिषेक और बाल्की फिल्म पा के लिए साथ आए थे। यह फिल्म 2009 में दर्शकों के बीच आई थी। यह अभिषेक के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। इसे ना सिर्फ दर्शकों, बल्कि समीक्षकों से भी खूब सराहना मिली थी। फिल्म में अभिषेक के साथ उनके पिता अमिताभ बच्चन भी नजर आए थे।

बाल्की का बच्चन परिवार के साथ खास रिश्ता है। खासकर अमिताभ बच्चन के साथ उनकी बहुत अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों को कई मौकों पर एक-दूसरे की तारीफ करते देखा जा चुका है। बाल्की अपनी हर फिल्म में अमिताभ को जरूर कास्ट करते हैं। वह खुद कहते हैं कि उनकी फिल्में अमिताभ के बिना अधूरी सी रहती हैं। वे चीनी कम, शमिताभ, की एंड का, इंग्लिश विंग्लिश और पैडमैन जैसी कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।

बाल्की एक जाने-माने फिल्ममेकर और स्क्रीनराइटर हैं। पिछली बार उन्होंने फिल्म मिशन मंगल की कहानी लिखी थी, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। बाल्की इन दिनों फिल्म चुप पर भी काम कर रहे हैं। इसमें दुलकर सलमान और सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं।

अभिषेक पिछली बार फिल्म बॉब बिस्वास में नजर आए थे। वह निर्देशक तुषार जलोटा की सोशल कॉमेडी फिल्म दसवीं में दिखने वाले हैं। इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान हैं। तमिल फिल्म ओह माई कदवुले की हिंदी रीमेक में भी अभिषेक अहम भूमिका निभा रहे हैं। लोकप्रिय तमिल फिल्म ओथा सेरप्पु साइज 7 के हिंदी रीमेक में भी अभिषेक मुख्य भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा वह अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने वाली फिल्म गुलाब जामुन में नजर आने वाले हैं।

Aanand Dubey

superbharatnews@gmail.com, Mobile No. +91 7895558600, (7505953573)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *