रुड़की। शहर के मछली बाजार में तिरंगे का अपमान करने पर शहर कोतवाली पुलिस ने एक मछली विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर में तिरंगा फहराया जा रहा था, सार्वजनिक स्थानों से लेकर निजी स्थान तक तिरंगा फहराया गया था। पूरा देश 15 अगस्त को आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा था। इस अवसर पर सभी लोगों को तिरंगा फहराने के लिए जागरुक किया था, जहां एक ओर पूरा देश तिरंगे का सम्मान कर रहा था, तो वहीं दूसरी ओर 15 अगस्त के अगले दिन से ही कुछ जगहों पर तिरंगे का अपमान देखने को मिला है।
इसी के तहत रुड़की के मछली मोहल्ले में भी कुछ इसी तरह की वारदात सामने आई है, जहां एक मछली विक्रेता तिरंगे का अपमान करता हुआ पाया गया है। दरअसल मछली मोहल्ले में एक मच्छी व्यापारी ने अपनी बहुत सी कटी हुई मच्छियों के ऊपर तिरंगे को बेहद अपमानजनक तरीके से रखा हुआ था, जिसका एक वीडियों भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियों को देख व किसी के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने उक्त व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। मछली व्यापारी को इस तरह से मछलियों को तिरंगे से ढकता देख एक व्यक्ति ने उसे खरी कोटी भी सुनाई, जिसके बाद दोनों में काफी देर तक विवाद भी चला। हालांकि इसके बाद व्यापारी ने तिरंगे को हटा दिया।