रुड़की। मानसूनी सीजन में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, लगातार बारिश होने से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। गंगा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के पार पहुंच गया है, जिसको लेकर प्रशासन ने चिंता जताई है। हालांकि तहसील प्रशासन द्वारा लगातार गंगा के जलस्तर पर निगाहें टिका रखी है, लेकिन फिर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों के साथ ही किसानों की भी समस्याएं बढ़ रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया है।
जलस्तर बढ़ने से रुड़की क्षेत्र के तीन तटबंध भी टूट गए है, जिसके चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी सीधे तीनों टूटे तटबंधों के जरिए खानपुर क्षेत्र की कृषि भूमि पर फैल रहा है। कृषि भूमि पर पानी फैलने से किसानों की समस्याएं बढ़ने लग गई है, कि कहीं किसानों की फसल के साथ- साथ खेत भी बर्बाद न हो जाए। इस पर किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला थमा नहीं तो आने वाले समय में गंगा का बढ़ता जलस्तर बडी तबाही मचा सकता है।
एसडीएम रामगोपाल बिनवाल द्वारा बताया गया कि बाढ़ चौकी पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए है। लोगों से भी नदी- नालों के पास जाने से साफ मना किया गया है।